- जेम पोर्टल के टेंडर भुगतान में रिश्वत मांगने का आरोप, वरिष्ठ और कनिष्ठ सहायक को दबोचा, जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को पीडब्ल्यूडी (आरएंडबी) मैकेनिकल डिवीजन बारामुला के वरिष्ठ सहायक मुश्ताक अहमद और कनिष्ठ सहायक फारूक अहमद को 13,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि एक लंबित भुगतान को जारी करने के लिए रिश्वत मांगी गई थी।
एसीबी के प्रवक्ता ने बताया कि 6 अप्रैल को हेल्पलाइन नंबर 94196-78060 पर एक शिकायतकर्ता से सूचना मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह जेम पोर्टल पर पंजीकृत एक निजी फर्म का प्रबंधक है। उसने पीडब्ल्यूडी के टेंडर में हिस्सा लिया और एल-1 घोषित होकर जीवित मछलियों के परिवहन के लिए विशेष वाहन की आपूर्ति की।
फर्म ने बिल जमा कर दिया था और भुगतान के लिए अकाउंट सेक्शन को भेजा था लेकिन अधिकारियों ने 13,000 रुपये रिश्वत की मांग के कारण भुगतान को जानबूझकर रोक कर रखा। शिकायत मिलने पर एसीबी ने गोपनीय जांच शुरू की। आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एफआईआर दर्ज की गई।
जांच के दौरान एसीबी ने ट्रैप लगाकर दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया। प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।