पुलवामा। जिले के तुजान गांव में मंगलवार को ट्रैक्टर पलटने से युवा शिक्षक की मौत हो गई जबकि उसका भाई घायल हो गया। मृतक की पहचान सुहैल अहमद डार निवासी तुजान, पुलवामा के रूप में हुई है। वह रहबर-ए-तालीम शिक्षक के रूप में काम कर रहे थे।
वर्तमान में वह बॉयज मिडिल स्कूल रहमू में तैनात थे जबकि उनका भाई फैसल अहमद हादसे में घायल हो गया। जानकारी के अनुसार दोनों भाई तुजान में अपने खेत की ओर जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर पलट गया। सुहैल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि फैसल को चोटें आईं। स्थानीय लोगों व परिजन की ओर से घायल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। मृतक अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गए हैं। युवा शिक्षक की मौत से परिवार,सहकर्मियों और पूरे गांव में शोक की लहर है।