कुलगाम में काटे सेब के पेड़। संवाद
- बेहीबाग पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कुलगाम। जिले के हटीपोरा बेहीबाग इलाके में शरारती तत्वों ने एक बागवान के 500 हाई-डेंसिटी सेब के पौधे काट दिए। इससे करीब 25 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके के लोगों और बागवानी से जुड़े किसानों में भारी रोष है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह बाग एक स्थानीय किसान का है। उसने बड़ी लागत से हाई-डेंसिटी बागवानी लगाई थी। यह आधुनिक तकनीक है जिससे सेब की पैदावार कई गुना बढ़ती है। रविवार सुबह जब बाग का मालिक खेत में पहुंचा तो देखा कि सैकड़ों पौधे काटकर गिराए गए हैं। किसी ने जानबूझकर पूरे बाग को बर्बाद कर दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। बेहीबाग पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह सिर्फ एक किसान का नहीं, बल्कि पूरी बागवानी कम्युनिटी पर हमला है। हाई-डेंसिटी पौधे लगाने में लाखों की लागत आती है और 3-4 साल बाद जाकर पैदावार शुरू होती है। इतने बड़े नुकसान से किसान की कमर टूट गई है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच हो और प्रभावित किसान को आर्थिक मदद दी जाए। बागवानी विभाग की टीम ने भी मौके का दौरा किया है।