पूरे प्रदेश के बगीचों के लिए ऑनलाइन गार्डन टिकटिंग सिस्टम किया लांच :
मुख्यमंत्री ने बादामवारी से जम्मू और कश्मीर के सभी बगीचों में प्रवेश के लिए एक ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम लांच किया। यह कदम आगंतुकों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जम्मू-कश्मीर सरकार के फ्लोरीकल्चर विभाग ने जम्मू-कश्मीर बैंक के सहयोग से बगीचों में प्रवेश के लिए एक ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम शुरू किया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म फ्लोरीकल्चर विभाग और जम्मू कश्मीर बैंक की संयुक्त पहल के रूप में विकसित किया गया है।
इस तरह होगी ऑनलाइन टिकटिंग :
जम्मू-कश्मीर के बगीचों में प्रवेश पाने के लिए
https://floriculture.jk.gov.in पोर्टल के माध्यम से टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा मिल पाएगी। इससे लंबी कतारों में खड़े होने की असुविधा समाप्त होगी बल्कि नकद लेनदेन और शारीरिक संपर्क पर निर्भरता को कम करेगी और भीड़ के बेहतर प्रबंधन में सहायता करेगी जिससे समग्र आगंतुक अनुभव बेहतर होता है। यह प्लेटफॉर्म डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई और ई-बैंकिंग सहित कई डिजिटल भुगतान विकल्पों का समर्थन करता है।
उम्मीद है कि बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आएंगे
स्प्रिंग फेस्टिवल और अगले हफ्ते ट्यूलिप गार्डन के खुलने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि यह घाटी में गर्मियों के पर्यटन सीजन की शुरुआत का प्रतीक है और उन्होंने उम्मीद जताई कि बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आएंगे और कश्मीर की खूबसूरती का अनुभव करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि ईरान और इस्राइल के बीच संघर्ष के चलते हवाई किराये में हो रही बढ़ोतरी से पर्यटकों की संख्या पर असर पड़ सकता है।