बारामुला जिले के सोपोर में जिन लोगों की जमीन पर मोबाइल टॉवर लगे थे, अब वही लोग मोबाइल कंपनियों से उन्हें हटाने की गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना था कि उन्होंने टॉवर बंद रखे हैं, लेकिन अब वह कंपनी से उन्हें हटाने को कह रहे हैं। सोपोर में जिस तरह लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है, उसे देख वह कोई खतरा नहीं मोल लेना चाहते।
सोपोर में कुल 37 मोबाइल टॉवर हैं, जो काम नहीं कर रहे हैं। जिसमें एयरसेल के 12, एयरटेल के 11, रिलायंस के पांच, वोडाफोन के चार, टाटा इंडिकॉम के दो और आइडिया के भी दो हैं। कुछ और टॉवर भी हैं, जो काम करना बंद कर चुके हैं। भारत संचार निगम लिमिटेड के अलावा बाकी अन्य मोबाइल कंपनियों की सेवाएं ठप हैं, जिसके कारण दिक्कतें आ रही हैं।
उत्तरी कश्मीर के डीआईजी पुलिस गरीब दास ने कहा कि पुलिस पूरी कोशिश कर रही है कि कड़ी सुरक्षा प्रदान की जाए। कहा कि पुलिस के हाथ कई सुराग लगे हैं जिससे वह जल्द ही अपराधियों को धर दबोचेंगे। दास ने यह भी कहा कि वह किसी को भी कम्युनिकेशन ठप करने नहीं देंगे। जल्द कंपनियों के साथ बैठक कर सुरक्षा को लेकर आश्वस्त भी करेंगे।