श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा, पुलवामा और आसपास के कई इलाकों में गुरुवार रात करीब 8:38 बजे एक बेहद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। यह कंपन और आवाज इतनी तेज थी कि श्रीनगर जिले के भी कुछ हिस्सों में लोगों ने इसे महसूस किया, जिसके बाद लोग घबरा गए और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।
घटना के कुछ ही मिनटों बाद स्थिति को स्पष्ट करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर लोगों से न घबराने की अपील की। पुलिस ने अपने बयान में बताया कि अवंतिपोरा क्षेत्र में जोरदार धमाके की आवाज जरूर सुनी गई थी, लेकिन यह किसी आतंकी घटना या विस्फोट का हिस्सा नहीं है।
पुलिस के अनुसार, मलंगपोरा (अवंतीपोरा) स्थित एयर बेस के कंट्रोल रूम से प्राप्त रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि यह तेज आवाज एक लड़ाकू विमान के उड़ान भरने (टेक-ऑफ) के दौरान उत्पन्न हुए सोनिक बूम के कारण हुई थी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है और किसी भी प्रकार के खतरे की कोई बात नहीं है।