रामबियार इलाके के लोगों को लिए मुसीबत बनी गंदगी
शोपियां। बटापोरा स्टेडियम के पास रामबियार इलाके में बड़ी मात्रा में कचरा फेंका गया है जिससे आने-जाने वालों और निवासियों को काफी परेशानी हो रही है। कचरे के बढ़ते ढेर ने आवारा कुत्तों को आकर्षित किया है जिससे लोगों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षा का खतरा पैदा हो गया है। चिंता की बात यह है कि लगातार कचरा फेंके जाने से पास का जल स्रोत प्रदूषित हो रहा है जिससे लोगों के स्वास्थ्य को खतरा है।
सिविल सोसायटी के चेयरमैन मंसूर मुगरे ने कहा कि शहर धीरे-धीरे खंडहर में बदल रहा है। हर जगह आवारा कुत्तों का खतरा बढ़ रहा है। यह पुलिस लाइंस के पास मुख्य सड़क है और यहां फेंका गया कचरा चौंकाने वाला है जो बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हमारे जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं और उन पर अतिक्रमण हो रहा है। हर जगह यही हाल है। लोग परेशान हैं, फिर भी जिम्मेदार विभाग पूरी तरह से चुप है। अगर हमारे मुख्य शहर का यह हाल है तो दूसरे इलाकों का क्या हाल होगा। यह जल संरक्षण अधिनियम का साफ उल्लंघन है। जो लोग हमारे जल स्रोतों को प्रदूषित करते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि दूषित पानी आखिरकार हमारे ही लोगों तक पहुंचता है, जिससे गंभीर बीमारियां होती हैं। कचरा सीधे नालियों और झरनों में फेंका जा रहा है, फिर भी जल प्रदूषण को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। मुगरे ने डिप्टी कमिश्नर शोपियां और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, म्युनिसिपल काउंसिल शोपियां से तुरंत मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और तत्काल सुधारात्मक उपाय करने का आग्रह किया। संवाद