श्रीनगर। ईद से पहले बाजारों में भीड़ बढ़ने पर पूरी घाटी में सख्त पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। बुधवार को शहर की लगभग हर सड़क और रास्ते पर तारबंदी और सुरक्षाबलों की तैनाती दिखाई दी। इसके चलते कई नाकों पर लंबा जाम भी देखने को मिला। पुलिस समेत सीआरपीएफ के अधिकारी दिनभर विभिन्न जगहों का दौरा करते दिखे।
आईजी ने कहा कि सख्त लॉकडाउन के दौरान डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टाफ और अन्य जरूरत की सेवाओं से संबंधित लोगों के आवागमन में कोई भी बाधा नहीं डाली जाएगी। अगर किसी वजह से रोका जा रहा है तो वह हेल्पलाइन पर इसकी जानकारी दें। पुलिस हेल्पलाइन नंबर 0194-2506561, 2506541 और व्हाट्स एप नंबर 8899845182 जारी किया है। मंगलवार को लोग श्रीनगर और करीबन हर जिले में ईद से पहले की खरीदारी करते दिखाई दिए। बैंकों, मीट की दुकानों और बेकरी की दुकानों पर कतारें दिखाई दी। बेकरी की दुकानों पर काम करने वाले करीब 99 लोगों की टेस्टिंग करवाई गई थी जिनमें से 8 पॉजिटिव पाए गए।