कश्मीर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उपजा तनाव रविवार को भी लगातार जारी है । शुक्रवार को घाटी में हुए प्रदर्शनों के दौरान घायल हुए युवक की मौत के बाद से ही श्रीनगर समेत आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है ।
इसके चलते रविवार को भी कश्मीर घाटी के श्रीनगर में कई थाना क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा लगाया कर्फ्यू जारी रहा । इस दौरान श्रीनगर में दुकानें बंद हैं और कई इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है । प्रशासन की ओर से एहतियातन भारी सुरक्षाबल की तैनाती की गई है ।
गौरतलब है कि 8 जुलाई को हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के सेना के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के बाद कश्मीर घाटी में हिंसा भड़की थी । जुलाई में भड़की हिंसा के बाद से कश्मीर में रविवार को लगातार 94वें दिन तनाव और पाबंदियों का दौर जारी है । घाटी के कई स्कूल हिंसा के हालातों के चलते बंद हैं साथ ही आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है ।
पुलिस ने 61 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया
नमाज के बाद हुई हिंसा
- फोटो : PTI
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को घाटी में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा के दौरान पेलेट गन से घायल हुए बालक जुनेद अहमद की शनिवार को अस्पताल में मौत हो गई थी । जुनेद की मौत के बाद घाटी में हिंसा भड़क उठी। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया ।
बेकाबू प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े । इसमें दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने और 61 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि जुमे की नमाज के बाद सैदपोरा का बालक सुरक्षा बलों की कार्रवाई में घायल हो गया था।
सात थाना क्षेत्रों में प्रशासन ने लगाया कर्फ्यू
घाटी में हिंसा
- फोटो : PTI
प्रशासन ने एहतियातन शुक्रवार को ही श्रीनगर के सात थाना क्षेत्रों नौहाट्टा, रैनावारी, सफाकदल, खानयार, शहीदगंज, क्रालखुर्द और मायसूमा में कर्फ्यू लगा दिया था। शनिवार को भी कर्फ्यू जारी रहा। इस बीच पीडीपी और नेकां ने बालक की मौत के मामले की जांच की मांग की है।
पीडीपी के प्रवक्ता ने कहा कि घटना की त्वरित तथा समयबद्ध जांच होनी चाहिए। इसमें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। एमएलसी तथा श्रीनगर जिलाध्यक्ष मोहम्मद खुर्शीद आलम ने भी सरकार से जांच की मांग की है।