गढ़वाल विवि से शोध कर रहे छात्रों का डाटा अब आनलाइन होगा। न सिर्फ गढ़वाल विवि बल्कि देशभर के विवि से शोध कर रहे छात्रों का पूरा डाटा अब संबंधित विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।
विभिन्न विषयों में पीएचडी कर रहे छात्रों की पूरी जानकारी अब विवि की वेब साइट पर ऑन लाइन मिलेगी। यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों को पत्र भेजकर विश्वविद्यालयों में पीएचडी कर रहे छात्रों को जल्द डाटा ऑन लाइन करने के निर्देश दिए हैं, जिसके तहत प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसके तहत छात्र का नाम, फैकल्टी सुपरवाइजर का नाम, आधार नंबर या फोटो आईडी, मोड ऑफ पीएचडी, पंजीकरण की तिथि व संख्या, शोध का विषय, उपलब्ध फेलोशिप व फेलोशिप देने वाली एजेंसी का नाम शामिल है। गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. जेएल कौल ने कहा कि जल्द ही गढ़वाल विवि से विभिन्न विषयों में शोध कर रहे छात्रों का पूरा डाटा विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।