श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर रक्षा मंत्री का स्वागत जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया। इसके बाद राजनाथ सिंह को द्रास के लिए रवाना होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।
अधिकारियों ने बताया कि मौसम खराब होने के चलते रक्षा मंत्री ने सड़क मार्ग से द्रास जाने का फैसला किया। द्रास में शनिवार से दो दिवसीय कारगिल विजय दिवस समारोह शुरू हो रहा है।
कारगिल विजय दिवस हर साल 26 जुलाई को 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की विजय और शहीद जवानों के बलिदान की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और समारोह में शामिल होंगे।