अलकेश्वर घाट के समीप शराब की दुकान के विरोध में क्षेत्रीय विधायक का पुतला फूंकते हुए लोग
- फोटो : amar ujala
गोतीर्थाश्रम के समीप संचालित हो रही शराब की दुकान का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों ने स्थानीय विधायक राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत का पुतला फूंका। आंदोलनकारियों का आरोप था कि स्थानीय विधायक ने शराब की दुकान यहां से स्थानांतरित किए जाने के लिए उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया।
अलकनंदा किनारे गोतीर्थाश्रम के समीप संचालित हो रही शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के लिए गोतीर्थाश्रम समिति व महिलाएं आंदोलित हैं। मंगलवार को स्थानीय विधायक व उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत के शहर में पहुंचने पर आंदोलनकारियों ने उनसे इस संबंध में वार्ता की थी, जिस पर डा. धन सिंह रावत ने आंदोलनकारियों को आबकारी मंत्री से देहरादून में वार्ता कराने व स्वयं गोतीर्थाश्रम का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया था।
आंदोलनकारी नवीन नौटियाल ने कहा कि मंत्री के आश्वासन के मुताबिक आंदोलन कर रहे लोगों ने बड़ी देर तक मंत्री का इंतजार किया, लेकिन मंत्री साढे़ सात बजे शाम को गोतीर्थाश्रम पहुंचे और मात्र पांच मिनट बाद बिना कोई ठोस आश्वासन दिए निकल गए। इस पर आंदोलनकारियों ने कड़ा आक्रोश जताया। विरोध स्वरूप बुधवार देर शाम शराब की दुकान का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों ने गोला पार्क पर डा. धन सिंह रावत का पुतला फूंका।
आंदोलन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द शराब की दुकान बंद नहीं की गई तो आमरण अनशन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में प्रेमबल्लभ नैथानी, राजेश्वरी जोशी, अंजू भट्ट, प्रवीण भंडारी, मुकेश सेमवाल, विजयेता सेमवाल, आयुष मियां, यशोदा खंडूड़ी आदि शामिल थे।