आइसा और अभाविप कार्यकर्ताओं के बीच शनिवार को हुए टकराव के बाद बिड़ला परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। गढ़वाल विवि के नए शिक्षा सत्र में होने वाले छात्रसंघ चुनाव तक बिड़ला परिसर में पुलिस बल तैनात रहेगा।
शनिवार को आइसा व अभाविप कार्यकर्ताओं में हुई झड़प के बाद विवि प्रशासन सकते में है। भविष्य में परिसर के भीतर छात्रों में कोई टकराव न हो, इसके लिए विवि प्रशासन ने ऐतिहात बरतना शुरू कर दिया है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद विवि के कुलसचिव ने प्रशासनिक भवन में पुलिस प्रशासन से वार्ता की। इस दौरान कुलसचिव डा. एके झा ने पुलिस प्रशासन से बिड़ला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता किए की बात कही।
कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि विवि प्रशासन से हुई वार्ता के तहत अब नए शिक्षा सत्र में होने वाले छात्र संघ चुनाव तक बिड़ला परिसर में पुलिस बल तैनात रहेगा। हालांकि शनिवार दिन से ही बिड़ला परिसर व विवि के मुख्य गेट पर भारी मात्रा में पुलिस तैनात की गई थी।
इसके साथ ही बिड़ला परिसर में थाना/चौकी स्थापित किए जाने के के संबंध में रविवार को कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने विवि के कुलसचिव डा. एके से परिसर में स्थान उपलब्ध कराए जाने की के लिए कहा है। बताया कि कुलसचिव ने उच्चाधिकारियों से इस संबंध में चर्चा किए जाने की बात कही है।
वार्ता में एसआईयू की यूनिट प्रभारी विजेंद्र रतकली भी मौजूद थे।
आइसा की बढ़ी मुश्किल, होगी कार्रवाई
श्रीनगर। आचार संहिता के तहत धारा 144 लगे होने के बावजूद बिना प्रशासनिक अनुमति के पुतला दहन किए जाने पर पुलिस संबंधित छात्र संगठन पर कार्रवाई करने जा रही है।
कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने कहा कि धारा 144 का उल्लंघन किए जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही संबंधित छात्र संगठन के खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी। वहीं आइसा की नगर अध्यक्ष शिवानी पांडे का कहना है कि उनकी ओर से आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया गया है। उनका प्रदर्शन परिसर की सीमा के अंदर किया जा रहा था।