प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरिद्वार चुनावी सभा का मामला उठाने पर उन्हें धमकी मिल रही है। भाजपा के लोगों ने उन्हें इस मामले को छोड़ने के लिए धमकाया है।
शुक्रवार को यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरिद्वार में बिना अनुमति रैली निकाली। उन्होंने निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी कि जिस प्रकार राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सहित उनके खिलाफ बिना अनुमति कार्यक्रम करने पर कार्रवाई हुई। उसी प्रकार प्रधानमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा उपाध्याय ने कहा कि एक माह में गैस की कीमत 154 रुपये बढ़ गई। जबकि क्रूड ऑयल की कीमत नहीं बढ़ी हैं। आदर्श आचार संहिता के चलते इस मामले में पार्टी विरोध प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन ब्लाक और जिला कांग्रेस कमेटियों को डीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर विरोध जताने को कहा गया है।
साथ ही कहा कि सर्विस वोटर मामले में निर्धारित चुनाव प्रक्रिया का उल्लंघन हो रहा है। अभी तक पोस्टल वैलेट आ रहे हैं। चुनाव आयोग से इसमें संशोधन करने का अनुरोध किया गया है।
इसके अलावा उपाध्याय ने कांग्रेस को अधिकतम 46 और कम से कम 36 सीट मिलने का दावा किया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप तिवाड़ी, नगर कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र नेगी, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, हीरा लाल जैन, उम्मेद सिंह मेहरा और मुकेश अग्रवाल आदि मौजूद थे।