दुर्घटना की अफवाह से दिन भर पुलिस इधर-उधर से भागती रही। काफी खोजबीन करने के बाद पता चला कि सूचना झूठी है। तब पुलिस ने राहत की सांस ली। सोमवार सुबह दिल्ली के एक न्यूज चैनल मेें देवप्रयाग क्षेत्र में वाहन दुर्घटना की सूचना फ्लैश हुई।
चैनल में दुर्घटना में कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की सूचना प्रसारित की जा रही थी। टीवी पर दुर्घटना की खबर प्रकाशित होने पर पुलिस कर्मियों और मीडिया कर्मियों के फोन घनघनाने शुरू हो गए। लोग दुर्घटना की जानकारी मांगने लगे, जिससे सभी हरकत में आ गए।
थाना प्रभारी विनोद राणा ने बताया कि सूचना प्रसारित होने के बाद पुलिस बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जानकारी लेने निकल गई। इसके अलावा ब्रांच रूट से भी जानकारियां मांगी गई। लेकिन कहीं से कोई दुर्घटना की सूचना नहीं मिली।
घंटों खाक छानने के बाद पुलिस को विश्वास हो गया है कि दुर्घटना की सूचना फर्जी है। बाद में पता चला कि किसी ने सोशल मीडिया में गत 16 अक्तूबर को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के समीप हुई दुर्घटना की खबर पोस्ट की थी, जिसको चैनल ने प्रसारित कर दिया। थाना प्रभारी राणा ने बताया कि उनको मीडिया कर्मियों के फोन आए थे कि कहीं कोई दुर्घटना हो गई है। जिस पर सर्च आपरेशन चलाया गया।