प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर की खूबसूरती और पुलवामा में विंटर गेम्स के तहत स्नो क्रिकेट की चर्चा करते हुए पर्यटकों से कर्श्मीर में होने वाले विंटर गेम्स का हिस्सा बनने का आह्वान किया। साल 2023 के पहले मन की बात में उन्होंने कहा कि यह खेलो इंडिया इंडिया मूवमेंट का विस्तार है।
उन्होंने कहा कि खासकर उत्तर भारत में खूब कड़ाके की सर्दी इस साल पड़ी। इस सर्दी में लोगों ने पहाड़ों पर बर्फ बारी का मजा भी खूब लिया। जम्मू-कश्मीर से कुछ ऐसी तस्वीरें आईं जिन्होंने पूरे देश का मन मोह लिया। सोशल मीडिया पर तो पूरी दुनिया के लोग इन तस्वीरों को पसंद कर रहे हैं। बर्फबारी की वजह से कश्मीर घाटी हर साल की तरह इस बार भी बहुत खूबसूरत हो गई है।
बनिहाल से बडगाम जाने वाली ट्रेन की वीडियो को भी लोग खासकर पसंद कर रहे हैं। खूबसूरत बर्फ बारी, चारों ओर सफे द चादर सी बर्फ। लोग कह रहे हैं, कि ये दृश्य, परिलोक की कथाओं सा लग रहा है। कई लोग कह रहे हैं कि ये किसी विदेश की नहीं, बल्कि अपने ही देश में कश्मीर की तस्वीरें हैं।
एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा है कि स्वर्ग इससे ज्यादा खूबसूरत और क्या होगा? ये बात बिल्कुल सही है तभी तो कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है। आप भी इन तस्वीरों को देखकर कश्मीर की सैर पर जाने की जरूर सोच रहे होंगे। मैं चाहूंगा, आप खुद भी जाइए और अपने साथियों को भी ले जाइए। कश्मीर में बर्फ से ढके पहाड़, प्राकृतिक सौन्दर्य के साथ-साथ और भी बहुत कुछ देखने-जानने के लिए हैं। जैसे कि कश्मीर के पुलवामा के सय्यदाबाद में विंटर गेम्स आयोजित किए गए। इन का थीम स्नो क्रिकेट था। यह बेहद रोमाचंक खेल है। कश्मीरी युवा बर्फ के बीच क्रिकेट को और भी अद्भुत बना देते हैं।
इसके जरिये कश्मीर में ऐसे युवा खिलाड़ियों की तलाश भी होती है, जो आगे चलकर टीम इंडिया के तौर पर खेलेंगे। ये भी एक तरह से खेलो इंडिया मूवमेंट का ही विस्तार है। कश्मीर के युवाओं में खेलों को लेकर उत्साह बढ़ रहा है। आने वाले समय में इनमें से कई युवा देश के लिए मेडल जीतेंगे, तिरंगा फहराएंगे। उन्होंने कहा कि मेरा आपको सुझाव होगा कि अगली बार जब आप कश्मीर की यात्रा करें तो इन तरह के आयोजनों को देखने के लिए भी समय निकालें। ये अनुभव आपकी यात्रा को और भी यादगार बना देंगे।