इलाज और हर संभव सहायता का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। उपायुक्त अनंतनाग डॉ. बिलाल मोहिउद्दीन भट ने शनिवार को सरकारी मेडिकल कॉलेज अनंतनाग का दौरा कर पहलगाम सड़क हादसे में घायल हुए पर्यटकों से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि शनिवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने घायलों का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य, उपचार तथा अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा कर्मचारियों को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम इलाज और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।
डॉ. बिलाल ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने पर्यटकों और उनके परिजनों को प्रशासन के संपर्क में बने रहने की सलाह देते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों की देखभाल के उच्च मानक बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि घायल पर्यटकों सहित किसी भी मरीज को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के साथ आए परिजन और सहायकों को भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।