पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा में बन रहे एम्स अस्पताल के निर्माण कार्य में तेजी लाने की अपील की है।
विज्ञापन
महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने नड्डा से फोन पर बात कर परियोजना को जल्द पूरा करने का अनुरोध किया है, ताकि इसमें किसी तरह की देरी न हो। मंत्री ने आश्वासन दिया है कि परियोजना समय पर पूरी की जाएगी।
यह बातचीत उनके उस दौरे के एक दिन बाद हुई जिसमें उन्होंने पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में निर्माणाधीन एम्स का निरीक्षण किया था। पीडीपी का कहना है कि यह दौरा निर्माण कार्य की प्रगति को समझने के लिए था, जबकि सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इस पर सवाल उठाए।
विज्ञापन
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ही कमजोर स्थिति में हैं, ऐसे में एम्स अवंतीपोरा का जल्द शुरू होना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार यह अस्पताल लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।