श्रीनगर में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए अठावले ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भी लोग पाकिस्तान से परेशान हैं और वहां बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी कर रहा है। अठावले ने कहा कि पाकिस्तान को बार-बार घुसपैठियों भेजने और गोलीबारी करने के बजाय भारत के साथ बेहतर संबंध बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है। पाकिस्तान आतंकवाद बंद करे और भारत के साथ अच्छे संबंध बनाए। भारत की अर्थव्यवस्था अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद दुनिया में चौथे स्थान पर है। मेक इन इंडिया और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के माध्यम से देश आगे बढ़ रहा है। सरकार इन क्षेत्रों को जम्मू-कश्मीर में भी बढ़ावा देना चाहती है, ताकि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकें।
अनुच्छेद 370 हटने के बाद पर्यटन में बढ़ोतरी
अठावले ने कहा कि वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और पर्यटकों की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने हाल ही में पहलगाम का दौरा किया और कहा कि वर्ष 2025 में वहां हुए आतंकी हमले के बाद कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था, लेकिन अब बड़ी संख्या में पर्यटक पहलगाम और कश्मीर पहुंच रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कश्मीर आने को लेकर लोगों के मन में पहले जो डर था, वह अब काफी हद तक खत्म हो गया है। प्रदेश में रेल सेवाओं का विस्तार हो रहा है, बड़ी सुरंगें बनाई जा रही हैं और राष्ट्रीय व अन्य राजमार्गों का निर्माण बेहतर तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर के लोगों को उनका पूरा हक दिलाना और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करना है।
उचित समय पर बहाल होगा जम्मू-कश्मीर का स्टेटहुड
जम्मू-कश्मीर में राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह उचित समय आने पर किया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने संबंधी विधेयक पेश किया था, तब उन्होंने आश्वासन दिया था कि भविष्य में सही समय पर राज्य का दर्जा बहाल करने पर निर्णय लिया जाएगा।
अठावले ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया जम्मू-कश्मीर में अपना संगठन मजबूत करने और राजनीतिक आधार बढ़ाने के लिए काम कर रही है।