पुलिस के अनुसार आरोपी देर रात जेसीबी और एक अन्य वाहन लेकर चाडूरा स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी की मदद से एटीएम को उखाड़ने और फिर दूसरे वाहन में लादकर ले जाने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की गश्ती टीम के पहुंचने की आहट पर आरोपी मौके से भाग निकले। वे अपने साथ लाए दोनों वाहन भी वहीं छोड़ गए।
पहले भी हुए हैं ऐसे प्रयास
प्रदेश में एटीएम उखाड़ने के प्रयास पहले भी हो चुके हैं। वर्ष 2017 में अनंतनाग और शोपियां, 2018 में कठुआ तथा 2019 में जम्मू में चोर एटीएम मशीनें ही उखाड़कर ले गए थे। 2023 में पुलवामा में भी एटीएम चोरी हुआ था। चाडूरा में अब जेसीबी की मदद से एटीएम उखाड़ने का प्रयास किया गया। इससे पहले भी प्रदेश में एटीएम चोरी की घटनाओं में संगठित गिरोहों की संलिप्तता सामने आ चुकी है।
वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर से खुलेगा राज
शुक्रवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जेसीबी और दूसरे वाहन को कब्जे में ले लिया। जांच में अब दोनों वाहनों के चेसिस, इंजन और पंजीकरण नंबर के आधार पर उनके मालिकों का पता लगाया जा रहा है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में इस्तेमाल जेसीबी और दूसरा वाहन चोरी के थे या आरोपियों ने इन्हें किसी अन्य तरीके से हासिल किया था। पुलिस एटीएम बूथ और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इससे आरोपियों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात में इस्तेमाल वाहनों के बारे में सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।