नीतीश साहब का शायद पद छोड़ने का समय आ गया है : महबूबा
जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सोशल मीडिया पर वायरल मुस्लिम महिला का बुर्का खींचने के वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मंगलवार को कहा कि वह बिहार के मुख्यमंत्री को मुस्लिम महिला के चेहरे से बुर्का हटाते हुए देखकर हैरान हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, क्या इसे बुढ़ापे का असर माना जाए या मुसलमानों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का सामान्यीकरण? यह घटना परेशान करने वाली है। नीतीश साहब, शायद अब आपके पद छोड़ने का समय आ गया है?
नीतिश ने खोया मानसिक संतुलन : इल्तिजा
पीडीपी की प्रवक्ता इल्तिजा मुफ्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो किया वह घृणित और अस्वीकार्य है। वह उम्र दराज हैं, इसलिए उनका सम्मान करती हूं। उम्र की वजह से अगर वह दिमागी रूप से बीमार हो गए हैं और इस तरह की हरकत कर रहे हैं तो राज्य कैसे चलाएंगे। उन्हें चाहिए कि रिटायर हो जाएं और प्रदेश की बागडोर किसी और को सौंप दें। कहा, आपको कोई हक नहीं कि किसी का हिजाब हटाएं। यह कानूनी तौर पर अपराध भी है।
नीतीश कुमार को महिला से माफी मांगनी चाहिए : रुहुल्ला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने नीतीश कुमार के बर्ताव को अनुचित और परेशान करने वाला बताया। एक बयान में रुहुल्ला ने कहा कि सार्वजनिक रूप से एक मुस्लिम महिला का बुर्का खींचना गरिमा और व्यक्तिगत सम्मान का गंभीर उल्लंघन है। नीतीश कुमार को उस महिला और जनता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। इस घटना के मद्देनजर उनका पद से हट जाना आवश्यक है।
मुस्लिम महिला के चेहरे से नकाब हटाना निंदनीय : नेकां
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने प्रवक्ता इमरान नबी डार ने कहा कि नीतीश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। हम उनसे और बिहार की भाजपा-जेडीयू सरकार से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की भी उम्मीद करते हैं। उन्होंने इस हरकत को सही ठहराने के लिए कुछ टीवी न्यूज एंकरों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। प्रवक्ता ने कहा, संविधान हर किसी को अपनी पसंद के कपड़े पहनने या अपनी पसंद के अनुसार व्यवहार करने का अधिकार देता है और कोई भी किसी पर अपनी शर्तें नहीं थोप सकता। राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि हमारी भावनाओं से जुड़ा है। डार ने कहा कि यह मुसलमानों को अपमानित करने की कोशिश है।