लड़ाकू विमानों की आवाज और धमाके से कांप उठा परिवार
एक स्थानीय नागरिक सुहेल अहमद ने कहा कि रात में जब आसमान में लड़ाकू विमानों की आवाज सुनाई दी तो परिवार के सभी सदस्य जग गए। बच्चे और महिलाएं परेशान हो गईं कि आखिर हो क्या रहा है? इस बीच आसमान में लाल रंग की रोशनी के साथ जोरदार धमाका हुआ और लगने लगा कि जंग शुरू हो गई है। सब एक-दूसरे की खैरियत पूछने के लिए फोन और व्हाट्सएप पर मेसेज भेजने लगे। इसी बीच सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आने लगे। पाकिस्तान से भी सोशल मीडिया पर हमलों की पुष्टि के बाद डर सताने लगा कि जंग लंबी न खिंच जाए।
कुपवाड़ा और बारामुला में भारी गोलाबारी से दहशत
गोलाबारी ने भी बढ़ाया डरवहीं, भारतीय वायु सेना की ओर से मिसाइल हमलों के बाद नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से गोलाबारी शुरू हो गई, जिससे कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों के निवासियों की चिंता बढ़ गई। सेना के अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामुला जिलों के तंगधार और उड़ी सेक्टरों में पाकिस्तानी सैनिकों ने भारी गोलाबारी की। भारतीय सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण लोगों को बंकरों में शरण लेनी पड़ी।
यह खबर पढ़ें: Operation Sindoor: धमाका हुआ था तब आंख खुली, फिर तो लगा अब कई रातों की नींद उड़ गई; धमाके से कांपा अखनूर
पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में 10 नागरिक घायल
अधिकारियों ने बताया कि उड़ी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की भारी गोलाबारी के बाद कम से कम 10 नागरिक घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे हैं और कई इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। उड़ी के एक स्थानीय निवासी बिलाल अहमद ने कहा कि भारी गोलाबारी के कारण हमने रात जागकर और तनाव में बिताई।
बहुत लंबे समय के बाद हमने इतनी भीषण गोलाबारी देखी। वहीं, करनाह में भी पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी के कारण कुछ घरों में आग लग गई। स्थानीय निवासी नजाकत ने बताया कि ऐसा लग रहा था कि रात खत्म ही नहीं हो रही है। गोलाबारी की आवाज सुनकर हमारा दिल बैठ जाता था।
यह खबर पढ़ें: Operation Sindoor: जंग की आहट में श्रीनगर अलर्ट, पता नहीं आगे क्या होगा; पेट्रोल पंप और ATM के बाहर उमड़ी भीड़