उमर अब्दुल्ला ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर उनके स्वास्थ्य की कामना की
- फोटो : ANI
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने पर जगदीप धनखड़ के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनके उत्तराधिकारी इस पद की गरिमा के साथ न्याय करेंगे।
उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, सबसे पहले मैं उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना करता हूं और भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें लंबी उम्र मिले। शायद यह पहली बार है जब किसी उपराष्ट्रपति ने इस तरह इस्तीफा दिया है। लगता है उनकी सेहत ने उन्हें और काम करने की इजाजत नहीं दी। हमें उम्मीद है कि अगला उपराष्ट्रपति इस पद और जिम्मेदारी के साथ सच्चे अर्थों में न्याय करेगा।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला साफापोरा में एक हमले और हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने और शोक जताने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देगी।
पुलिस ने कार्रवाई की है, केस दर्ज हुआ है और इंशा अल्लाह, इसे अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। परिवार से जो न्याय का वादा किया गया है, वह निभाया जाएगा। उनके बड़े बेटे को रीढ़ की हड्डी में चोट है, वह चल नहीं पाता। उन्होंने सरकार से मदद मांगी है, हम केस बनाकर जो संभव होगा, वह सहायता देंगे।