श्रीकोट मेडिकल कालेज में कोरोना योद्याओं को सम्मानित करते मंत्री डा. धन सिंह रावत
- फोटो : SHRINAGAR
प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डा. धन सिंह रावत ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के 52 कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की जरूरतों के संबंध में शीघ्र मुख्यमंत्री के साथ बैठक की जाएगी। उच्च शिक्षा मंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल में 160 स्लाइस हाईटेक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया। इस मौके पर तीन भाजपा नेताओं का ट्रायल सीटी स्कैन भी किया गया।
बृहस्पतिवार को कॉलेज के लेक्चर हॉल थियेटर में कोरोना योद्धा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि डा. धन सिंह ने कहा कि श्रीनगर में इसी माह संयुक्त अस्पताल के लिए नए भवन का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं श्रीकोट में मॉडल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिसका भूमि पूजन दिसंबर माह में मुख्यमंत्री करेंगे। इसके अलावा मंत्री ने बताया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में 200 स्कूलों को स्मार्ट स्कूल बनाया जाएगा। साथ ही श्रीनगर में स्मार्ट पार्क बनाया जाएगा। ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए बजट दे दिया गया है।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत , राज्य सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष अतर सिंह असवाल, दर्जाधारी राज्यमंत्री मातबर सिंह रावत, डा. पुष्पेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संपत रावत, मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट व अनुग्रह मिश्रा आदि मौजूद थे।