मंत्री ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों से बातचीत कर बच्चों को दी जा रही उपचार सुविधाओं की समीक्षा की और कड़े निर्देश दिए कि घायल छात्राओं को बेहतरीन चिकित्सा सहायता और विशेष देखभाल प्रदान की जाए। इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए सकीना इत्तू ने गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों को इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद अस्पताल के बिस्तर पर देखना अत्यंत पीड़ादायक है।उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार घायलों के साथ है और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन छात्राओं के इलाज में कोई कोताही न बरती जाए और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। मंत्री ने बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। यह छात्राएं उस दुर्भाग्यपूर्ण बस हादसे का शिकार हुई थीं जिसमें शुक्रवार को खान साहिब के ब्रेनवार इलाके में आईपीटीएस स्कूल की बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई थी।
इस दुखद घटना में बस चालक शाहिद अहमद लोन की जान चली गई थी जबकि घायल छात्राओं को विशेष इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस हादसे ने पूरे कश्मीर और विशेष रूप से बडगाम जिले में स्कूल परिवहन की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा का विषय यह भी है कि इसी साल की शुरुआत में परिवहन अधिकारियों ने पाया था कि इस स्कूल की तीन बसें एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर चल रही थीं जिनमें से दो वाहन पंजीकृत भी नहीं थे।
हालांकि उन बसों को तब जब्त कर लिया गया था, लेकिन बाद में अदालती कार्यवाही के जरिए उन्हें छोड़ दिया गया था। अब इस नई त्रासदी के बाद स्कूल के परिवहन बेड़े और सुरक्षा मानकों की फिर से कड़ी जांच की मांग उठ रही है।