जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है । इस बार दक्षिण कश्मीर में आतंकियों ने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए बनाई गई पिकेट को निशाना बनाया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये हमला दक्षिण कश्मीर के शोपियां में हुआ है । जानकारी के मुताबिक शोपियां के जामनानगरी इलाके में आतंकियों ने एक पुलिस पिकेट पर हमला किया है ।
#UPDATE One policeman dead, one civilian injured after terrorists attack a police post in Jamnageri area in Shopian district (J&K).
— ANI (@ANI_news) October 7, 2016
अब तक मिली जानकारी के अनुसार आतंकियों ने सुरक्षा के लिए बनाई गई पिकेट पर फायरिंग की है जिसमें एक पुलिसकर्मी के शहीद होने की सूचना मिल रही है । आतंकियों की फायरिंग में एक पुलिस कर्मी और एक कश्मीरी पंडित नागरिक घायल हुआ है ।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने पुलिस पिकेट पर हथियारों की लूट के इरादे से हमला किया था । इस हमले में घायल हुए सिपाही और नागरिक का अस्पताल ले जाकर इलाज किया जा रहा है । हमले के बाद से पूरे इलाके में सर्च आपरेशन जारी है ।
लगातार आतंकियों के निशाने पर हैं सुरक्षाकर्मी
उड़ी हमला
- फोटो : Getty Images
जम्मू-कश्मीर में आतंकी लगातार सुरक्षाकर्मियों को निशाना बना रहे हैं । शोपियां में हुए हमले के पहले भी आतंकियों ने हाल के दिनों में सेना के कैंपों और सीमांत पोस्टों को निशाना बनाया था । वीरवार को लंगेट में 30 राष्ट्रीय राइफल्स के कैंप पर हमले के बाद आतंकियों की साजिश को नाकाम करते हुए सेना के जवानों ने 3 आतंकियों को मार गिराया था ।
इस हमले के दूसरे ही दिन शुक्रवार को शोपियां में पुलिस की पिकेट पर हमला हुआ है । घाटी में सुरक्षाबलों पर लगातार हमले हो रहे हैं । बीते दिनों बारामुला और हंदवाड़ा में हुए हमलों को सेना नाकाम करने में सफल रही है । बारामुला में आतंकियों के हमले में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था ।
इसके पहले भी उड़ी सेक्टर में आर्मी के ब्रिगेड मुख्यालय पर आतंकियों ने सेना के जवानों को निशाना बनाकर हमला किया था जिसमें 19 जवान शहीद हुए थे । इस हमले के बाद भारतीय सेना ने सीमा पार पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक करके 38 आतंकियों को मार गिराया था ।
हंदवाड़ा के हमले में पाकिस्तानी हथियार हुए बरामद
HANDWARA
- फोटो : ANI
हंदवाड़ा के लंगेट में सुबह 5 बजे 30 राष्ट्रीय राइफल्स के कैंप पर आतंकी हमला हुआ था । इस आतंकी हमले में आए आतंकियों ने सेना की वर्दी में भारी असलहों के साथ हमला किया था । इस हमले में सेना की जवाबी कार्रवाई में 3 आतंकियों को मार गिराया गया था ।
मारे गए आतंकियों से 2 मोबाइल फोन, 4 रेडियो सेट्स, 3 जीपीएस, 9 ग्रेनेड लांचर, मैट्रिक शीट्स भी मिले हैं । इन सामानों के साथ पाकिस्तान में बनी दवाएं,ड्राइफ्रूट और खाने का सामान मिला था । इन सभी सामानों पर पाकिस्तान की मोहर लगी हुई थी । हमले के बाद एनआईए की टीम ने केस दर्ज करते हुए इन सभी सबूतों की जांच शुरू कर दी है ।