फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल होंगे शहीद पुलिसकर्मी व सेना के हीरो: एलजी

विज्ञापन
एसकेआईसीसी में आयोजित समारोह की शुरुआत करते एलजी मनोज सिन्हा व अन्य। संवाद
विज्ञापन
श्रीनगर। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि नए विजन व नए विचार के साथ केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर आगे बढ़ रहा है, जहां आतंकवाद तथा उसके समर्थकों के लिए कोई स्थान नहीं है। जम्मू-कश्मीर सरकार नई शिक्षा नीति पर काम कर रही है इसमें आतंकियों तथा दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा सेना के हीरो के योगदान को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इससे भावी पीढ़ी शांतिपूर्ण तथा बेहतर जम्मू-कश्मीर के लिए उनके योगदानों को जान सकेगी।
विज्ञापन

ग्लोबल स्ट्रेटजिक पुलिस फाउंडेशन पुणे की ओर से एसकेआईसीसी में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि देश के बॉर्डर की सुरक्षा या फिर आतंकियों से लड़ते हुए जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों व जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। यह इन जवानों के महान बलिदानों के कारण है कि हम आज मुक्त हवा में सांस ले रहे हैं। मैं पुलिस और सेना के उन सभी बहादुर लोगों को सलाम करता हूं जिन्होंने कर्तव्य निवर्हन में अपनी जान कुर्बान कर दी। उन्होंने कहा कि वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर में अब आतंकवाद के लिए कोई जगह नहीं है। इनके समर्थकों को भी माफ नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवा पीढ़ी से शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में पूर्ण योगदान देने की अपील की। साथ ही कहा कि शहीदों के बताए रास्ते पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अशोक चक्र से सम्मानित लांसनायक नजीर अहमद वानी की पत्नी महजबीन अख्तर के योगदान को भी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, चांसलर सेंट्रल यूनिवर्सिटी कश्मीर लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अत्ता हसनैन, सियाचिन के हीरो लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) संजय कुलकर्णी, पूर्व नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल (सेवानिवृत्त) अनूप सिंह, संस्था के अध्यक्ष डॉ. अनंत भागवत, सचिव मनोज गोयल आदि उपस्थित थे।
इन शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में शहीद लांस नायक अशोक चक्र नजीर अहमद वानी, एसआई सगीर अहमद पठान, मोहम्मद युसूफ, कीर्ति चक्र मेजर सुशील आइमा, अशोक चक्र नायब सूबेदार चुनी लाल तथा शौर्य चक्र अब्दुल हमीद चारा के परिजनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नजीर वानी की पत्नी महजबीन अख्तर ने कहा कि किसी भी जवान के लिए देश से बढ़कर कुछ नहीं होता है। मुझे गर्व है कि मेरे पति ने देश की खातिर अपनी जान दी। साथ ही उनके बच्चों को भी पिता पर फख्र है। वह अक्सर कहा करते थे कि देश के लिए युद्ध के मैदान में अपनी जान देना चाहते हैं। कार्यक्रम में इनके माता-पिता, पत्नियों और बच्चे भी मौजूद थे।
विज्ञापन

बजट का दुरुपयोग हुआ तो गंभीर कार्रवाई
एलजी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को चालू वर्ष के लिए बहुत बड़ा बजट मिला है और एक भी पैसे का दुरुपयोग नहीं होगा। जो कोई भी बजट के धन का दुरुपयोग करता पाया जाएगा उसे गंभीर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। कहा कि पांच अगस्त 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर राष्ट्र की मुख्यधारा से जुड़ा है। पिछले सात दशक से सामान्य लोग, किसान, युवाओं को विकास से दूर रखा गया था। अब कमजोर तबके के अधिकार पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सभ्य समाज में हिंसा का स्थान नहीं: आरिफ
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। शांति, सद्भाव तथा भाईचारा ही किसी भी समस्या के समाधान का सबसे अच्छा तरीका है। कश्मीर धार्मिक तथा सांस्कृतिक विविधता का केंद्र रहा है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन की ओर से लोगों के सामाजिक-आर्थिक दशा सुधारने के लिए अनेक उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें