उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी शनिवार को श्रीनगर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने घाटी में समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ चिनार कॉर्प्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला भी मौजूद रहे।
लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी को सेना द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत नियंत्रण रेखा के साथ लगते गांव केरन में लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी और लेफ्टिनेंट जनरल औजला ने ग्रामीणों के साथ मिलकर 72 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से भरपूर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सेना कमांडर ने राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना में शामिल सभी के प्रयासों की सराहना की।
सेना कमांडर ने मुख्यालय 15 कोर में विभिन्न प्रयासों से शांति और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में वाले नागरिकों से बातचीत की और उनका अभिनंदन किया। सेना कमांडर ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बातचीत की। उन्होंने कश्मीर की स्थायी शांति और विकास के लिए सभी एजेंसियों द्वारा उठाए जा रहे त्वरित कदमों की सराहना की। उन्होंने सुरक्षा बलों और प्रशासनिक कर्मचारियों के बीच तालमेल की सराहना की।