जम्मू कश्मीर में प्रशासनिक परिषद ने फैसला लिया है कि वंचित और भूमिहीन परिवारों की पहचान की जाएगी। पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5-5 मरला जमीन दी जाएगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए यह बात कहीं।
आगे उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा 2711 भूमिहीन परिवारों को भूमि प्रदान की गई है। पिछले एक साल से पीएमएवाई के तहत 1,99,550 लोगों को रहने के लिए घर उपलब्ध कराए गए हैं। पिछले साल नवंबर में जम्मू-कश्मीर सरकार ने 183602 ऐसे परिवारों की पहचान की थी जो इस योजना के तहत आते हैं। प्रत्येक बेघर व्यक्ति को घर उपलब्ध कराया जायेगा। इसके लिए एक विस्तृत ग्राफ तैयार किया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि श्रीनगर में जी-20 बैठक के सफल आयोजन से दुनिया भर में अच्छा संदेश गया है। श्रीनगर शहर की चर्चा अब दुनिया भर में है।
अमरनाथ यात्रा में मीडिया पर नहीं कोई प्रतिबंध
श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि यात्रा सूचारू रूप से जारी है। दस हजार से अधिक भक्त बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
स्वच्छता महत्वपूर्ण है और हम इसका पालन कर रहे हैं। व्यवस्था से तीर्थयात्री खुश हैं। यातायात ही एकमात्र मुद्दा है और हम जल्द ही इसे सुचारू कर देंगे। आईजी ट्रैफिक को लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए राजमार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने का निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, अतिक्रमण अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि इस मुहिम के दौरान किसी भी वंचित व्यक्ति को नहीं छुआ तक नहीं गया है। प्रदेश की सरकार उनके लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही है।
ये भी पढ़ें- रोजगार की बात: JKPSC के श्रीनगर कार्यालय में साक्षात्कार 10 जुलाई से, जानें कब डाउनलोड कर सकेंगे कॉल लेटर