अनंतनाग। अनंतनाग जिले के कापरान इलाके में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेंदुआ सीआरपीएफ कैंप में घुस आया। तेंदुए ने कैंप परिसर में मौजूद जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान में एक जवान घायल हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बुधवार को सुबह के समय हुई, जब सीआरपीएफ के जवान नाश्ते के लिए मेस में एकत्रित थे। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ भटकते हुए कैंप के अंदर आ गया और वहां मौजूद जवानों पर हमला कर दिया।
हमले में हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवान की हालत स्थिर है। घटना के बाद कैंप में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया है ताकि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। संवाद