संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। विमेंस फोरम ऑफ लद्दाख ने लेह में एक नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य संवाद, सहयोग और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना था। यह कार्यक्रम विमेंस फोरम ऑफ लद्दाख की संस्थापक कुंजेस डोलमा की पहल पर आयोजित किया गया। उन्होंने हाल ही में प्राप्त राज्य पुरस्कार की राशि का उपयोग इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए किया, ताकि क्षेत्र में महिलाओं के नेटवर्क और नेतृत्व को मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भूमिका विषय पर आयोजित एक पैनल चर्चा रही जिसमें वक्ताओं ने नेतृत्व और नीति निर्माण में महिलाओं की अधिक भागीदारी की आवश्यकता और इसके सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि प्रिया यादव ने महिलाओं को नेतृत्व की भूमिकाओं में आगे बढ़ाने के लिए अवसर और मंच तैयार करने के महत्व पर जोर दिया, जबकि वंदनीय आमची पालमो ने महिलाओं की शक्ति और समुदायों को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
राज्य पुरस्कार विजेता यांगचेन और ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन की उपाध्यक्ष त्सेरिंग आंगमो सहित अन्य वक्ताओं ने महिलाओं को नेतृत्व और निर्णय लेने वाले मंचों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन इस आह्वान के साथ हुआ कि लद्दाख में विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिकाओं में महिलाओं की अधिक भागीदारी तय होनी चाहिए।