लद्दाख के उपराज्यपाल ने विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक की। स्रोत – सूचना विभाग
- उपराज्यपाल ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की, लद्दाख के समग्र विकास पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोमवार को प्रशासनिक सचिवों के साथ विभागीय कार्याें की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को नागरिक बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और आजीविका के अवसरों में सुधार के लिए प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक में लद्दाख में चल रही परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। एलजी ने कहा कि लद्दाख देश का सर्वश्रेष्ठ केंद्र शासित प्रदेश बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने लेह शहर में स्वच्छता बनाए रखने, नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने, खेल अवसंरचना को मजबूत करने और सालभर पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।
उपराज्यपाल ने युवाओं के कौशल विकास, शून्य-प्लास्टिक नीति के माध्यम से लद्दाख के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण, स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लद्दाखी पश्मीना और उच्च मूल्य फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।