संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। लेह एपेक्स बॉडी ने लेह, नुब्रा, शाम और चांगथांग के गोबा, नंबरदारों और गांव प्रतिनिधियों से 26 मई को हाउसिंग कॉलोनी के निकट एनडीएस स्टेडियम में आयोजित होने वाली सभा में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। यह सभा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी।
सह-अध्यक्ष छेरिंग दोरजे लकरुक की ओर से जारी बयान के अनुसार यह सार्वजनिक सभा बार एसोसिएशन लेह के सदस्यों, चिकित्सा कर्मियों, सोनम वांगचुक तथा अन्य लोगों के सम्मान में आयोजित की जा रही है जिन्हें 24 सितंबर 2025 की घटना के बाद कथित रूप से हिरासत में लिया गया था।
यह कार्यक्रम लद्दाख के आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले चार लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और घायल हुए लोगों को सम्मानित करने का अवसर भी होगा।
लेह एपेक्स बॉडी ने गांव प्रतिनिधियों से अपने-अपने गांवों से लोगों को अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की है, ताकि लद्दाख के लोगों की एकता और सामूहिकता का प्रदर्शन किया जा सके। आयोजकों ने आम जनता से शांतिपूर्ण ढंग से सभा में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।