- लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने लद्दाख पर्यटन को पुनर्जीवित करने के लिए वैश्विक स्तर पर आक्रामक प्रचार की मांग की
- वर्षभर पर्यटक आगमन बढ़ाने के लिए रणनीतिक पर्यटन रोडमैप को बताया महत्वपूर्ण
संवाद न्यूज एजेसी
लेह। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी को उच्च-प्रभाव वाले मंचों के रूप में उपयोग किया जाए ताकि लद्दाख को विश्व के सबसे विशिष्ट पर्यटन स्थलों में स्थापित किया जा सके।
एलजी ने केंद्रशासित प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक और साहसिक संभावनाओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कार्यक्रमों में लद्दाख की भागीदारी की समीक्षा के लिए बैठक की। प्रशासनिक सचिव संजीत रोड्रिग्स ने उपराज्यपाल को बताया कि लद्दाख के पर्यटन हितधारकों ने यूटी प्रशासन से प्रमुख पर्यटन और व्यापार कार्यक्रमों में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने, डिजिटल आउटरीच मजबूत करने, लक्षित प्रचार अभियान शुरू करने, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मीडिया दृश्यता बढ़ाने, और ट्रैवल प्लेटफॉर्म, उद्योग साझेदारों व इंफ्लुएंसर्स के साथ सहयोग स्थापित करने का आग्रह किया है ताकि वर्ष 2025 में पर्यटकों की संख्या में हुई भारी गिरावट का प्रभाव कम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग पहले ही कई कदम शुरू कर चुका है जिनमें लद्दाख की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो जैसे साउथ एशिया ट्रैवल एंड टूरिज्म एक्सचेंज, ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर्स, आउटबाउंड ट्रैवल मार्ट मुंबई, इंटरनेशनल ट्रैवल बिजनेस एशिया-सिंगापुर, वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट लंदन और आईटीबी बर्लिन में शामिल होने की व्यापक योजना शामिल है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी पर्यटन हितधारकों को सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा।
कविंद्र गुप्ता ने जोर देकर कहा कि लद्दाख को 2022–23 के चरम स्तर जब क्षेत्र में प्रति वर्ष पांच लाख से अधिक पर्यटक आए थे, तक पर्यटक संख्या को पुनर्जीवित करना होगा। इस लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने निर्देश दिया कि विपणन रणनीति का फोकस उन शीर्ष 10 अंतरराष्ट्रीय देशों पर होना चाहिए, जहां से लद्दाख में सबसे अधिक पर्यटक आते हैं।
लद्दाख में गर्मियों के दौरान मजबूत पर्यटक आगमन का उल्लेख करते हुए उपराज्यपाल ने इस गति को शीतकालीन महीनों तक बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने देश के प्रमुख टूर ऑपरेटरों, डिजिटल इंफ्लुएंसर्स और ट्रैवल मीडिया के लिए उच्च-गुणवत्ता वाले फैमिलराइजेशन टूर आयोजित करने का आह्वान किया ताकि लद्दाख के विशिष्ट शीतकालीन अनुभव चादर ट्रेक, विंटर स्पोर्ट्स, फ्रोजन पैंगोंग लेक मैराथन, हॉर्स पोलो और दुर्लभ वन्यजीव दर्शन को अधिक आकर्षक और आर्थिक रूप से लाभकारी बनाया जा सके।