-मुख्य अतिथि लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने टीमों को किया सम्मानित किया
- विजेता और उपविजेता को क्रमशः 2.5 लाख और 1.5 लाख रुपये की नकद राशि दी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। हुमस वॉरियर्स ने शनिवार को एनडीएस स्टेडियम में पुरीग वॉरियर्स को 3-1 से हराकर रॉयल इनफील्ड आइस हॉकी लीग सीजन-3 पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। कड़े मुकाबले वाला यह फाइनल पहले पीरियड में गोलरहित रहा। दूसरे पीरियड में पुरीग ने बढ़त बनाई लेकिन अंतिम पीरियड में हुमस ने शानदार वापसी की।
तीसरे पीरियड में मोहम्मद ईसा ने बराबरी का गोल किया जिसके बाद गुलाम नबी टाक के दमदार शॉट ने हुमस को बढ़त दिला दी। मैच के अंतिम क्षणों में वसीम बिलाल ने गोल कर जीत पक्की कर दी और टीम को चैंपियन बना दिया। महिला वर्ग में शाम ईगल्स चैंपियन बनीं, जबकि पुरुष वर्ग में पुरीग वॉरियर्स और महिला वर्ग में शकर चिक्तन क्वींस उपविजेता रहीं। टीमों को मुख्य अतिथि लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सम्मानित किया। विजेताओं और उपविजेताओं को क्रमशः 2.5 लाख और 1.5 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की।
हुमस वॉरियर्स के शाहिद शबीर और शाम ईगल्स की पद्मा देसल को क्रमशः पुरुष और महिला फाइनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वसीम बिलाल ने 14 मैचों में 18 गोल कर पुरुष वर्ग के शीर्ष स्कोरर का खिताब जीता जबकि पद्मा ने पूरे सीजन में 9 गोल कर महिला वर्ग में यह सम्मान हासिल किया।
कार्यक्रम की शुरुआत रॉयल इनफील्ड सोशल मिशन की त्सेवांग डोलमा के स्वागत भाषण से हुई जिसके बाद लद्दाख में आइस हॉकी की यात्रा पर एक लघु फिल्म दिखाई गई। अधिकारियों ने खेल को मजबूत बनाने, युवा खिलाड़ियों को समर्थन देने और बुनियादी ढांचे के विकास के महत्व पर जोर दिया।
उपराज्यपाल ने सफल आयोजन के लिए लद्दाख की जनता को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि बेहतर ढांचा और नई खेल नीति आइस हॉकी को पूरे क्षेत्र में बढ़ावा देगी, साथ ही खेल पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी। हुमस वॉरियर्स के कप्तान मोहेब उर रहमान मीर ने टीम की धैर्य और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत पूरे सीजन के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
सीजन 3 में लेह, नुब्रा, चांगथांग, कारगिल, जंस्कार समेत कई क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया जिससे समुदाय का मजबूत समर्थन देखने को मिला और 34,000 से अधिक दर्शक जुटे। अंतराल के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया जिसके साथ लीग का सफल समापन हुआ।