संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) हितेश भल्ला ने वीरवार को लद्दाख के उच्च ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात सेना की इकाइयों की परिचालन तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने सैनिकों से किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सदैव तैयार रहने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में से एक में कार्य करने के लिए बल की तत्परता को रेखांकित किया। समीक्षा के दौरान सैन्य इकाइयों ने चार दिवसीय वैलिडेशन अभ्यास को सफलतापूर्वक पूरा किया जिसका उद्देश्य युद्ध तत्परता, समन्वय और परिचालन प्रभावशीलता का आकलन करना था। इस अभ्यास में उच्च स्तर की तैयारी, मजबूत यूनिट एकजुटता तथा नई पीढ़ी की युद्धक्षेत्र तकनीकों को तेजी से अपनाने और प्रभावी ढंग से उपयोग करने की सैनिकों की क्षमता का प्रदर्शन किया गया।
वैलिडेशन अभ्यास के तहत सामरिक प्रतिक्रिया, गतिशीलता, लॉजिस्टिक्स और कमांड एंड कंट्रोल तंत्र सहित सैन्य अभियानों के विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। अत्यंत कठिन मौसम और दुर्गम भू-भाग के बावजूद सैनिकों ने असाधारण पेशेवर दक्षता और मजबूती का परिचय दिया।
इकाइयों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने उनकी पेशेवर क्षमता, अनुकूलनशीलता और युद्ध सामर्थ्य की प्रशंसा की। उन्होंने सभी रैंकों से परिचालन उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की बात कही। साथ ही क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कॉर्प्स की प्रतिबद्धता को दोहराया।