उत्तरी कश्मीर में चलाया गया अभियान,
संवाद न्यूज एजेंसी
बारामुला। उत्तरी कश्मीर के बारामुला, बांदीपोरा और कुपवाड़ा में परिवहन विभाग ने वीरवार को लगभग 91 ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) रद्द कर दिए। विभाग के अधिकारियों ने ऐसे लोगों और वाहन चालकों के खिलाफ शिकंजा कैसा है जो नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
इनमें से अधिकतर ऐसे हैं जिनके खिलाफ इससे पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है लेकिन बार-बार समझाने के बावजूद वह बाज नहीं आते। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हर जिले में एआरटीओ स्तर के अधिकारी अपनी टीमों के साथ रोजाना ड्राइव चला रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने सभी ट्रांसपोर्ट यूनियनों को यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार, ज्यादा किराया वसूलने और ड्राइवरों द्वारा किए जाने वाले दूसरे गलत कामों की शिकायतों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया है। अधिकारी ने कहा कि जो भी ड्राइवर यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए पाया जाएगा उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा और गाड़ी को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
उन्होंने ट्रांसपोर्टरों और आम जनता से एआरटीओ कार्यालय में गलत व्यवहार, रिश्वतखोरी और गैर-कानूनी कामों से जुड़ी शिकायतें लेकर आगे आने की अपील की। अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि विभाग शिकायत करने वालों की पहचान गुप्त रखेगा। उन्होंने ने यह भी कहा कि जिले में गैर-कानूनी स्टैंड बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। यह सुनिश्चित करने के लिए कि यहां कोई भी अनधिकृत स्टैंड न चले, जम्मू और कश्मीर पुलिस के अधिकारियों के साथ मिलकर जल्द ही एक जॉइंट ड्राइव शुरू की जाएगी।
उन्होंने ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों को भी निर्देश दिया कि वे लोगों की जानकारी के लिए बस स्टैंड और गाड़ियों के अंदर अप्रूव्ड रेट लिस्ट साफ-साफ दिखाएं और चेतावनी दी कि ज्यादा किराया वसूलने और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच अधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में बारामुला जिले में एनडीपीएस से जुड़े मामलों में 15 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। 53 आदतन ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी ऐसी ही कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि उन्होंने बताया कि ऐसी ही कार्रवाइयों में बांदीपोरा ज़िले में 17 जबकि कुपवाड़ा में छह डीएल ससपेंड किये गए हैं। उन्होंने बताया कि कई वाहनों को ब्लैकलिस्ट भी किया गया है। अधिकारी ने चेतावनी दी नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से पेश आया जाएगा।