लद्दाख के भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री किरेन रिजिजू से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
लेह। भाजपा लद्दाख के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की। प्रतिनधिमंडल में शामिल नेताओं ने ईरान में रह रहे लद्दाखी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की।
प्रतिनधिमंडल की अगुवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू तथा लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद लेह के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट ताशी ग्यालसन ने की। उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि कारगिल सहित लद्दाख के सैकड़ों नागरिक, जिनमें धार्मिक विद्वान, छात्र, तीर्थयात्री तथा अन्य निवासी शामिल हैं, वर्तमान में ईरान में मौजूद हैं। क्षेत्रीय हालात में हो रहे बदलावों को देखते हुए लद्दाख भर में उनके परिजन के बीच चिंता और आशंका का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने लद्दाखी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर निकासी की तैयारी के लिए तत्काल कूटनीतिक और प्रशासनिक कदम उठाने का आग्रह किया। साथ ही यह भी दोहराया कि विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने हज 2026 से संबंधित मुद्दों को भी उठाया जिनमें केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए व्यवस्थाएं और सुविधाएं शामिल हैं। इस पर मंत्री ने उचित विचार और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान नेताओं ने लद्दाख के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं पर रचनात्मक चर्चा की। अल्पसंख्यक कल्याण तथा स्थानीय शासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को भी उठाया।