लेह। 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को पूरे लेह जिले में मनाया जाएगा। यह जानकारी वीरवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त लेह के कार्यालय की ओर से दी गई। कार्यक्रम जिला, तहसील, ब्लॉक तथा मतदान केंद्र स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष का विषय मेरा भारत, मेरा वोट तथा टैगलाइन भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक रखी गई है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा जिनका उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूक, नैतिक और सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है। जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के लिए मतदाता शपथ भी दिलाई जाएगी। जिला स्तरीय मुख्य समारोह लेह स्थित दिहार ऑडिटोरियम में होगा। इसमें अधिकारी, विभिन्न हितधारक और आम नागरिक भाग लेंगे। सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे राष्ट्रीय मतदाता दिवस से संबंधित निर्धारित बैनर और लोगो प्रदर्शित करें तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। संवाद