- डिवीजनल कमिश्नर ने गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के सिलसिले में डिवीजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने वीरवार को मुख्य आयोजन स्थल बख्शी स्टेडियम का दौरा किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अंतिम तैयारियों को सुनिश्चित किया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम के स्टैंड्स पर वाटरप्रूफ छतरियां लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डिवीजनल कमिश्नर ने मंच, ध्वनि प्रणाली, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं तथा अन्य लॉजिस्टिक पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियां शीर्ष स्तर की हों। ध्वनि प्रणालियों का संचालन बिना किसी खामी के हो क्योंकि यह राष्ट्रीय महत्व का आयोजन है।
वर्तमान प्रतिकूल मौसम को ध्यान में रखते हुए डिवीजनल कमिश्नर ने स्टैंड्स पर वाटरप्रूफ छतरियां लगाने के निर्देश दिए और यदि आवश्यक हो तो मैदान से बर्फ हटाने के लिए पर्याप्त मानवबल तैयार रखने को संबंधित एजेंसियों को कहा। केपीडीसीएल, एमईडी, आरएंडबी तथा पीएचई के मुख्य अभियंताओं ने अपने-अपने विभागों की प्रगति और तैयारियों के बारे में डिवीजनल कमिश्नर को जानकारी दी। उन्होंने स्टेडियम के आसपास लगाए गए वीडियो स्क्रीनों का भी निरीक्षण किया।