लद्दाख के कर्ग्या में शिंकुला टनल निर्माण में लगे कामगारों को ले जा रही बस टैंकर से टकराकर पलट गई, जिसमें 15 लोग घायल हुए हैं। चार गंभीर रूप से घायल कामगारों को कुल्लू रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज केलांग अस्पताल में चल रहा है।
लद्दाख के जंस्कार उपमंडल के कर्ग्या में रविवार देर शाम को एक निजी निर्माण कंपनी के कामगारों को ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 15 कामगार घायल हो गए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीएमओ केलांग डॉ. रोशन लाल ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच कामगारों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है।
विज्ञापन
शेष 10 का इलाज केलांग अस्पताल में चल रहा है। अधिकतर घायल हिमाचल के बताए जा रहे हैं। दो से तीन लोग बिहार से रहने वाले हैं। ये सभी कामगार शिंकुला टनल के निर्माण कार्य में तैनात हैं। रविवार को नाइट शिफ्ट में काम करने के लिए टनल की तरफ जा रहे थे। कर्ग्या के समीप बस की टक्कर एक टैंकर से हो गई। इससे बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे जा गिरी। कई कामगारों को सिर, पैर व रीढ़ में गंभीर चोटें आई हैं।
कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी अमित ने बताया कि बस में सवार सभी कर्मचारी निजी कंपनी में कार्यरत हैं। ये शिंकुला टनल परियोजना से जुड़े हैं।हादसे का इलाका लद्दाख के अधिकार क्षेत्र में होने के बावजूद नजदीकी चिकित्सीय सुविधा केलांग में उपलब्ध होने के कारण घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। इनमें से चार की हालत गंभीर है। एक घायल को स्पाइनल इंजरी है। कुछ अन्य को हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं।