कश्मीर के ऊंचे इलाकों जैसे गुलमर्ग और सिंथन टॉप में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे ठंड ने दस्तक दी है। मौसम विभाग ने पांच से सात अक्तूबर के बीच भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कश्मीर की ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को इस मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे घाटी में सर्दियों की आहट शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।
विज्ञापन
उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग स्थित अफरवात और दक्षिण कश्मीर के सिंथन टॉप (अनंतनाग) में ताजा बर्फबारी हुई है। इसके अलावा श्रीनगर शहर समेत घाटी के कुछ मैदानी इलाकों में हल्की बारिश भी देखी गई।
विज्ञापन
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पांच से सात अक्तूबर के बीच जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों को प्रभावित करेगा। इसका अधिक प्रभाव पांच अक्तूबर की रात से सात अक्तूबर की सुबह के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की एडवाइजरी के अनुसार
अनंतनाग-पहलगाम, कुलगाम, सिंथन पास, शोपियां, पीर की गली, सोनमर्ग-जोजिला, बांदीपोरा-रजदान पास, गुलमर्ग और कुपवाड़ा-साधना पास में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है।
मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। इस बर्फबारी से जहां पर्यटक रोमांचित हैं, वहीं स्थानीय लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम में ठंडक और कठिनाइयों के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।