कारगिल। कारगिल से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा से रविवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सामाजिक कल्याण, शिक्षा, पर्यटन, खेल, परिवहन, अवसंरचना तथा सामुदायिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
इमाम खुमैनी मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष शेख सादिक रजाई के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नागरिक समाज के सहयोग के महत्व पर बल दिया। आईकेएमटी ने समावेशी विकास की पहलों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि शिक्षा, जिम्मेदार नागरिकता और सामाजिक विकास सतत प्रगति, समृद्धि और दीर्घकालिक शांति के लिए आवश्यक हैं।
अहले-सुन्नत वल जमात के अध्यक्ष खालिद बाग के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने पायनियर पब्लिक स्कूल के संचालन में समुदाय के प्रयासों को रेखांकित किया तथा शैक्षणिक संस्थान के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए अतिरिक्त भूमि आवंटन की आवश्यकता पर बल दिया। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र शासित प्रदेश के कैलेंडर में धार्मिक अवकाशों को शामिल करने अथवा प्रतिबंधित अवकाशों की औपचारिक मान्यता देने की मांग की।
अंजुमन जामिअतुल उलेमा इसना अशरिया कारगिल के शेख इब्राहिम जाहिदी के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन की जनसंपर्क पहल की सराहना की और जनकल्याण कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े प्रमुख मुद्दों को उठाते हुए समुदायिक संस्थानों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने भविष्य में सतत विकास की आशा व्यक्त की तथा मुख्य सचिव को अगली कारगिल यात्रा के दौरान संगठन का दौरा करने का निमंत्रण दिया।
कारगिल बौद्ध संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव का स्वागत किया और नव घोषित जिले शम के क्रियान्वयन का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बौद्ध समुदाय की विशिष्ट संस्कृति और भाषा के संरक्षण से जुड़े विषयों को भी सामने रखा।
अंजुमन इमामिया नूरबख्शाह कारगिल के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव का स्वागत करते हुए कारगिल में मिनी सचिवालय से जुड़े मुद्दों को उठाया। विशेष रूप से सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित मामलों पर प्रभावी कार्यप्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत द्रास अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की कमी, डॉक्टरों की ड्यूटी रोस्टर तथा सेवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की।
ऑल कारगिल ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन, अवसंरचना और क्षेत्रीय संपर्क पर चर्चा की। प्रमुख बिंदुओं में पर्यटन के चरम मौसम के दौरान जोजिला मार्ग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, पर्यटन अवसंरचना में बाहरी निवेश को प्रोत्साहन और कारगिल में रणनीतिक सीमा पर्यटन को बढ़ावा देना शामिल रहा। प्रतिनिधिमंडल ने मुश्को घाटी और प्वाइंट-43 को सीमा पर्यटन विकास की संभावनाओं वाले क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया। इसके अलावा उन्होंने अधिक खेलो इंडिया आयोजनों, आइस हॉकी और स्केटिंग जैसे शीतकालीन खेलों तथा आईडीएसएस योजना के तहत सब्सिडी शुरू करने की मांग की।
ऑल लद्दाख ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, कारगिल के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट, पंजीकरण शुल्क, पुराने वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और कर रियायतों से संबंधित मुद्दे उठाए। कारगिल मर्चेंट एसोसिएशन ने यातायात जाम, पार्किंग अवसंरचना, स्ट्रीट लाइटिंग, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और ओल्ड बाजार के सौंदर्यीकरण से जुड़े मुद्दे उठाए। संवाद