उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य जांच इकाई (एसआईयू) ने क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों से संबंधित एक मामले में जिले में कई स्थानों पर दबिश दी। जिले के हायहामा, क्रालपोरा, मिरनाग, लोलाब और सुलकूट इलाकों में आतंकियों के रिश्तेदारों के घर खंगाले गए।
यहां से मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए। एसआईयू ने न्यायालय से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद यह कार्रवाई की। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस स्टेशन कुपवाड़ा में दर्ज एफआईआर के संदर्भ में ये छापे मारे गए।
एसएसपी कुपवाड़ा युगल मन्हास ने बताया कि जिले के भीतर सक्रिय आतंकवादी तत्वों और पाकिस्तान से घुसपैठ कर आने वालों पर कार्रवाई घाटी में सक्रिय आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करने की दिशा में एक कदम है। करीब 8 आतंकवादियों के रिश्तेदारों के आवासीय घरों में तलाशी ली गई।
जो अवैध रूप से एलओसी पार कर आतंकवादी रैंकों में शामिल हो गए और हिज्बुल, लश्कर और जैश जैसे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से संबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने के अलावा आतंकवादी रैंक में शामिल होने के लिए कश्मीरी युवाओं को कट्टरपंथी बनाने में साइबर स्पेस का ये आतंकवादी उपयोग करते हैं।
इसके अलावा आतंकवादियों की घुसपैठ की साजिश रचने और उनकी घुसपैठ को आसान बनाने में शामिल पाए गए हैं। अधिकारी के मुताबिक जब्त की गई सामग्री आतंकवाद को बढ़ावा देने में इन व्यक्तियों की भूमिका की पुष्टि करने व मामले की जांच के लिए प्रासंगिक है।