कुपवाड़ा। जिले के कंडी खास इलाके में रविवार को तालाब में नहाने गए 19 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा रहा। मृतक की पहचान असरारुल हक के रूप में हुई है। असरारुल कंडी खास कुपवाड़ा का रहने वाला था। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को वह गांव के पास स्थित तालाब में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही तालाबों, नहरों और नदियों में नहाने के मामले बढ़ जाते हैं। प्रशासन ने लोगों, खासकर युवाओं से अपील की है कि अनजान या गहरे पानी में नहाने न उतरें। कई बार ऊपर से कम गहरा दिखने वाला पानी भी जानलेवा साबित हो जाता है। माता-पिता भी अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें अकेले तालाब-नदी की तरफ न जाने दें।