अनंतनाग। खाद्य सुरक्षा विभाग अनंतनाग की टीम ने रविवार को पहलगाम में एमएस लकी पैलेस ढाबा और दो नानवाई दुकानों को गंभीर गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों के चलते सील कर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ये प्रतिष्ठान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा उसके तहत बनाए गए नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। जांच में खाद्य सामग्री के गलत भंडारण, भोजन तैयार करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई की कमी, खाद्य कर्मियों की खराब व्यक्तिगत स्वच्छता और अत्यधिक गंदगी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। इससे आम लोगों के स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो रहा था।
विभाग ने उल्लंघनों का गंभीर संज्ञान लेते हुए उपभोक्ताओं की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तुरंत कार्रवाई की और संबंधित प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।