सोपोर। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत पुलिस ने वीरवार को डाक बंगला चिज्हामा, राफियाबाद में नशे के खिलाफ मेगा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया । इसमें एक भव्य सार्वजनिक रैली निकाली गई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएसपी सोपोर इफ्तखार तालिब ने की। रैली में एडिशनल एसपी सरफराज बशीर और एसडीपीओ राफियाबाद शराफत नवाज, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, एसएचओ, आईओ सहित विभिन्न क्षेत्रों के 2 हजार से अधिक लोगों की भीड़ शामिल हुई।
एसएसपी ने कहा कि नशीली दवाओं के दुरुपयोग से निपटना एक सामूहिक सामाजिक प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने माता-पिता, शिक्षकों और धार्मिक नेताओं से युवाओं का मार्गदर्शन करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। लोगों से अनुरोध किया गया कि ड्रग तस्करी या दुरुपयोग से संबंधित जानकारी हेल्पलाइन 9596773144 पर साझा करें।