अनंतनाग। पुलिस ने रविवार को लोगों को ऐसे ठगों से सतर्क रहने के लिए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की है जो राजनीतिक संबंधों का हवाला देकर सरकारी नौकरी, ठेके और अन्य सरकारी सुविधाएं दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे ठग रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक जिले में कुछ लोग राजनीतिक दलों से संबंध होने का झूठा दावा कर भोले-भाले लोगों को सरकारी नौकरी, ठेके और अन्य सरकारी लाभ दिलाने का भरोसा देकर धोखाधड़ी कर रहे हैं।
एडवाइजरी में चार लोगों की पहचान की गई है, जिनमें बिजबिहाड़ा के खंडिगाम निवासी आबिद हुसैन नागरू, बिजबिहाड़ा के वीरी निवासी मुजफ्फर अहमद मीर, नामबल निवासी जान मोहम्मद वागे और चकलीपोरा निवासी रोशन चौधरी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन लोगों के संबंध में जिले में विभिन्न एफआईआर दर्ज हैं। अनंतनाग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सरकारी नौकरी, ठेके या किसी अन्य सरकारी लाभ दिलाने के नाम पर किसी के झूठे वादों में न आएं और राजनीतिक या प्रशासनिक संबंधों का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें।