पहलगाम। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने अमरनाथ यात्रा को देशभर में बढ़ती नफरत और ध्रुवीकरण के माहौल को खत्म करने व आपसी सौहार्द को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया है।
लोगों को संबोधित करते हुए महबूबा ने कहा कि हर श्रद्धालु कश्मीर का मेहमान है। ये यात्री अपने साथ कश्मीर की धरती, यहां के लोगों और हमारी संस्कृति की कहानी देश के कोने-कोने तक लेकर जाते हैं। इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि वे प्यार, अपनापन और मेहमाननवाजी की यादें लेकर लौटें।
यात्रा की सुरक्षा केवल सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि कश्मीर के हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। मौजूदा समय में जब समाज में नफरत और विभाजन बढ़ रहा है, तब अमरनाथ यात्रा को लोगों के बीच रिश्ते मजबूत करने, आपसी विश्वास बढ़ाने और देशभर में भाईचारे का संदेश फैलाने का माध्यम बनाया जाना चाहिए।
कश्मीर और मुसलमानों के खिलाफ फैलाए जाने वाले भ्रम और पूर्वाग्रहों का सबसे प्रभावी जवाब लोगों के साथ मानवीय जुड़ाव और श्रद्धालुओं के दिल से स्वागत के जरिये दिया जा सकता है।