अनंतनाग। आगामी अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए एंटी सबोटाज अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने खानाबल से पहलगाम तक पूरे यात्रा मार्ग पर संवेदनशील स्थानों, ट्रांजिट पॉइंट्स, ठहराव केंद्रों, पार्किंग स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण इलाकों में गहन जांच की। अभियान में आधुनिक सुरक्षा उपकरण और उन्नत डिटेक्शन तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
सुरक्षा अभियान में प्रशिक्षित के-9 (स्निफर डॉग) स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और तकनीकी निगरानी इकाइयों को भी तैनात किया गया है। ये टीमें यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी और सैनिटाइजेशन कर रही हैं। विशेष रूप से लावारिस और संदिग्ध वाहनों की जांच पर जोर दिया जा रहा है ताकि असामाजिक या राष्ट्रविरोधी तत्व की गतिविधि को रोका जा सके।
इसके अलावा रेलवे स्टेशनों, ट्रैक, पुल, कल्वर्ट्स, सार्वजनिक उपयोगिता प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण ढांचागत स्थलों पर विशेष सुरक्षा जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रा शुरू होने से पहले तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
अनंतनाग पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या लावारिस वाहन की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या सुरक्षा एजेंसी को देने का आग्रह किया गया है।